देवबंद। मां शाकंभरी देवी से ज्योत लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं ने सोचा भी नहीं था कि घर पहुंचने से पहले उन्हें ऐसे दर्दनाक हादसे का सामना करना पड़ेगा। फ्लाईओवर से नीचे उतरकर पूजा-अर्चना करनी थी। उससे पहले ही तेर रफ्तार कैंटर मौत बनकर आ गया। मां के जयकारे रुदन में बदल गए। हादसे में घायल रजनीश ने खौफनाक मंजर को बयां किया।
सरधना के कुशावली निवासी रजनीश ने बताया कि सभी लोग फ्लाईओवर पर कुछ देर आराम करने के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से आए कैंटर ने उन्हें ऐसे चपेट में लिया कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। अचानक हुए हादसे के बाद रजनीश को काफी देर तक समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। जब उसने आसपास नजर दौड़ाई तो साथी खून से लथपथ पड़े थे। किसी को गंभीर चोट लगी थी तो कोई दर्द से कराह रहा था। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और मदद के लिए शोर मचाने लगा। रजनीश की आवाज सुनकर राहगीर मदद के लिए दौड़े और घायलों को संभालने में जुट गए। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।