सहारनपुर के नकुड़ में रिश्तेदारी में आए बाइक सवार जीजा-साले और उनके एक रिश्तेदार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे के शिकार तीनों युवकों की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।
युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों पोस्टमार्टम के के लिए भिजवा दिया। रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव किशनखेड़ी निवासी 28 वर्षीय फूलसिंह रिश्तेदार 22 वर्षीय पिंकू के साथ मंगलवार को अपनी ससुराल सरसावा थाना क्षेत्र के गांव शेखपुरा में आया था।
मंगलवार की शाम करीब सात बजे फूल सिंह गांव शेखपुरा निवासी अपने 16 वर्षीय साले कल्लू को लेकर अपने गांव वापस लौट रहा था। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। जैसे ही वह गांव ककराला के पास पहुंचे तो किसी वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
इससे तीनों लहूलुहान हो कर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने तीनों घायलों को सड़क पर पड़े देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को नकुड़ सीएचसी पहुंचाया।
वहां से चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। नकुड़ कोतवाली में पहुंचे शेखपुरा निवासी कल्लू के ताऊ ने बताया कि फूल सिंह राज मिस्त्री का कार्य करता था तथा कल्लू भी उसके काम में हाथ बंटाता था।
बताया कि फूल सिंह की तीन वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी जिसकी एक दो वर्ष की बेटी है। उसकी मौत के बाद पत्नि और मासूम बेटी के भरण पोषण का भी संकट खड़ा हो गया है।
युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। सीओ वीसी गौतम ने भी मामले की जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।