गंभीर हालत में एक को किया रेफर
गंगोह। क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात आई आंधी से एक मकान की दीवार पड़ोसी के घर में गिर गई। मलबे में दबकर तीन बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए। आंधी के कारण नगर के कुछ मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति शुक्रवार शाम तक भी पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई, जिससे लोग पेयजल को भी तरस गए।
मोहल्ला कोटला में एक पड़ोसी की दीवार तौफीक के घर के आंगन व छत पर गिर गई। उसके यहां कुछ मेहमान भी आए हुए थे। जिस समय दीवार गिरी उस समय सभी लोग आंगन में बैठे हुए बातें कर रहे थे। दीवार के मलबे में तीन बच्चों समेत सात लोग दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने मलबा हटा कर घायलों को बाहर निकाला। घायलों में तौफीक उसका भाई दिलशाद, पानीपत से आए मेहमान बच्चे सरफराज, सबनूर, महिला शहनाज, सलमान, मुसर्रत आदि शामिल हैं। सभी को अस्पताल ले जाया गया। तौफीक की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उसे बेहोशी की हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मलबे में घर में खड़ा एक रिक्शा, मेहमानों की बाइक व अन्य सामान भी दबकर खराब हो गया। इसके अलावा मेन रोड पर एचडीएफसी बैंक की पुरानी शाखा के सामने एक जिम की छत उड़ जाने व दीवार गिर जाने के कारण छह लोग घायल हो गए थे। उधर आंधी के दौरान टूट कर गिरे खंभों के कारण नगर के एक हिस्से की आपूर्ति शुक्रवार शाम तक भी बहाल नहीं हो सकी थी जिससे लोग पेयजल को भी तरस गए हैं।