- एक दिसंबर से कोहरे के चलते बंद हो जाएंगी 12 ट्रेनें
- हावड़ा मेल, बेगमपुरा, गोल्डन टेंपल आदि ट्रेनों में वेटिंग
- वंदेभारत एक्सप्रेस, सुपर, इंटरसिटी में इसी माह से मिलने लगेगी सीट
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अभी राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है। हावड़ा मेल, बेगमपुरा, नौचंदी, सदभावना एक्सप्रेस में अगले महीने भी वेटिंग है। वहीं, एक दिसंबर से कोहरे के चलते 12 ट्रेनें भी बंद हो जाएगी। ऐसे में यात्रियों की परेशानी झेलनी पड़ेगी।
त्योहारों में भीड़ और वेटिंग को देखते हुए रेलवे ने त्योहार स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की थी। जिनका संचालन हो रहा है। इसके बाद भी यात्रियों को ट्रेनों में सीट नहीं मिल पा रही है। ट्रेन नंबर 13006 अमृतसर-हावड़ा मेल में तीन दिसंबर, 12238 जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा एक्सप्रेस में 26 दिसंबर, 12232 चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस में 10 दिसंबर, 12904 अमृतसर-मुंबई गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में 10 जनवरी 2024 तक वेटिंग है।
22458 देहरादून-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस में 28 नवंबर, 14682 जालंधर-नई दिल्ली सुपर एक्सप्रेस में 22 नवंबर, 14522 अंबाला-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस में 23 नवंबर और 14512 सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस में तीन दिसंबर तक वेटिंग चल रही है। यानी इन ट्रेनों में सीट खाली नहीं है।
एक दिसंबर से रेलवे कोहरे के चलते अमृतसर-बनमनखी जनसेवा एक्सप्रेस, जम्मूतवी-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, बरौनी-अंबाला, टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग, अमृतसर-लालकुआं एक्सप्रेस सहित 12 ट्रेनें को बंद कर देगा। वेटिंग और अगले महीने से ट्रेनें बंद होने के चलते यात्रियों का सफर मुश्किल भरा रहेगा।