सहारनपुर। रामपुर मनिहारान में मंडल के राजकीय पशु चिकित्सालय (पॉली क्लीनिक) के भवन का उद्घाटन हुए छह माह बीत गए हैं, लेकिन अस्पताल में आधुनिक सुविधा का लाभ मिलने का पशुपालक इंतजार कर रहे हैं। इस पॉली क्लीनिक में पशुओं में होने वाली गंभीर बीमारियों के इलाज की व्यवस्था की जानी है।
रामपुर मनिहारान में दिल्ली हाईवे पर शहरी पुल के पास साढे़ छह करोड़ की लागत से बने मंडल के पहले राजकीय पशु चिकित्सालय के भवन का उद्घाटन चार जनवरी 2022 को विधायक देवेंद्र निम ने किया था। यह पॉली क्लीनिक आधुनिक सुविधाओं से लैस होना है, जिसमें पशुओं में होने वाले हर प्रकार की जांच और इलाज स्थानीय स्तर पर भी संभव हो सके, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी अस्पताल में सुविधाओं का लाभ नहीं मिल सका है।
जल्द मिलनी चाहिए सुविधाएं
पशु पालक भूपेंद्र पुंडीर, विक्की पंवार, विपिन धीमान, निक्की ठाकुर, गौतम चौधरी का कहना है कि राजकीय पशु चिकित्सालय का भवन तो तैयार हो गया है, लेकिन आधुनिक सुविधाओं का लाभ नहीं मिल सका है। इस पॉली क्लीनिक से जनपद सहित पड़ोसी जिलों के पशु पालकों को भी काफी आस है। सुविधाओं के नाम पर क्लीनिक में कोई व्यवस्था नहीं है। लंबे समय से पशु पालक सुविधाओं का इंतजार कर रहे हैं। जल्द सुविधाएं मिलनी चाहिए।
मथुरा व करनाल भेजे जाते हैं नमूने, मिलनी हैं यह सुविधाएं
पॉली क्लीनिक पशुओं का अत्याधुनिक अस्पताल होगा। यहां पर मवेशियों की गंभीर बीमारी, एक्सरा, अल्ट्रासाउंड, रक्त, यूरिन और गोबर की जांच, सर्जरी और पोस्टमार्टम हो सकेगा। पॉली क्लीनिक में सर्जन के साथ पशु चिकित्सक की टीम हर समय तैनात रहेगी। दो एंबुलेंस भी पॉली क्लीनिक को मिलनी हैं, लेकिन इनमें से कोई भी सुविधा अभी उपलब्ध नहीं हो पाई है। अभी तक पशुओं की गंभीर बीमारी की जांच के नमूने करनाल और मथुरा ही भेजे जाते हैं।
पॉली क्लीनिक जल्द पूरी तरह शुरू हो जाएगा। आधुनिक मशीनें भी लग जाएंगी। कोरोना काल की वजह से दिक्कत आई थी। जल्द सभी सुविधाएं मिलने लगेंगी। - राजीव सक्सेना, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी