विकास के मुद्दे पर पहली बार डाला वोट
सहारनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पहली बार वोट डालने वाले युवा बेहद उत्साहित नजर आए। गांव की सरकार चुनने में अपने भागेदारी दिखाते हुए जोश से लबरेज इन युवाओं ने जाति धर्म और किसी भी तरह के प्रलोभन से ऊपर उठकर केवल विकास के मुद्दे पर अपना वोट करने की बात कही। इनका कहना था कि यदि विकास कार्यों को धरातल पर उतरते देखना है तो हमें ईमानदार और साफ छवि के उच्च शिक्षित लोगों को चुनना होगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पहली बार वोट डाल रही गांव महेश्वरी कला की कक्षा आठ पास महकारा ने बताया कि उनके गांव में आठवीं के बाद पढ़ाई की कोई व्यवस्था नहीं है। गांव की बालिकाओं को 10 किमी दूर जाना पड़ता है। हमारे जनप्रतिनिधि को गांव में इंटर तक पढ़ाई के लिए कॉलेज बनवाना चाहिए। इसके अलावा गांव में सफाई, बिजली, पीने के पानी, सड़क, जरूरतमंद लोगों के लिए पेंशन तथा राशन की व्यवस्था करनी चाहिए। इस मुद्दे पर उन्होंने अपना वोट किया।
ग्राम में खेलकूद के लिए मिनी स्टेडियम बनाना चाहिए
गांव पटना उर्फ नया बांस निवासी स्नातक पास मयंक उपाध्याय ने पहली बार गांव में वोट डाला। वोट डालने के बाद मयंक ने बताया कि गांव के युवाओं के लिए ग्राम स्तर पर खेलकूद के लिए मिनी स्टेडियम बनाया जाना चाहिए। हमारे गांव में एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं है। गांव में स्ट्रीट लाइट लगे तथा गंदे पानी की निकासी के लिए बड़े नालों का निर्माण कराया जाए। गांव की साफ सफाई होने से ही गांव बीमारियों से दूर रहेगा।
शराब, दावत और अन्य प्रलोभन देने वालों को नकारा
नानौता देहात ग्राम पंचायत के गांव जम्बु गढ़ में पहली बार अपने मत का प्रयोग करने पहुंची इंटर पास अंशिका पुंडीर ने बताया कि उसने ईमानदार, स्वच्छ छवि के प्रत्याशी के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में शैक्षिक, खेलकूद और स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना के मुद्दों को लेकर अपना वोट किया है। उसका कहना था कि यदि विकास कार्यों को धरातल पर क्रियान्वित होते देखना है तो शराब पिलाने, दावत सहित अन्य प्रलोभन देने वाले प्रत्याशियों को नकारना होगा।
अपना वोट गांव के सर्वांगीण विकास के नाम पर डाला
नकुड़ क्षेत्र के गांव साहबा माजरा निवासी काजल ने बताया कि उसने वोट डालने में जाति धर्म या किसी भी प्रलोभन को तव्वजों नहीं दी है। उसने पहली बार वोट डाला है और उसे बेहद खुशी हो रही है। उसने अपना वोट गांव के सर्वांगीण विकास के नाम पर डाला है। उसका कहना था कि राजनीति में समाज सेवा भाव रखने वाले पढ़े लिखे लोगों को आगे आना चाहिए तभी इस क्षेत्र में बदलाव संभव है।
शिक्षित और ईमानदार प्रत्याशी को वोट करना चाहिए
टाबर के बूथ संख्या 261 पर पहली बार वोट डालने पहुंचा वासू वोट डाल कर उत्साहित नजर आया। उसका कहना था कि शिक्षित और ईमानदार प्रत्याशी को वोट करना चाहिए। ताकि वह संक्रीन मानसिकता से ऊपर उठकर गांव का विकास करा सके। शिक्षित व्यक्ति ही जनसमस्याओं को उच्च स्तर पर उठाकर उनका आसानी से निराकरण करा सकता है।
अंशिका पुंडीर नानौता देहात- फोटो : SAHARANPUR
काजल साहबामाजरा- फोटो : SAHARANPUR
महकारा महेश्वरी कलां- फोटो : SAHARANPUR
मयंक उपाध्याय पटना उर्फ नयाबांस- फोटो : SAHARANPUR