सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में विजयी छात्र-छात्राएं
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। भारत को जानो सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में विवेकानंद ग्रुप की कशिश, वंशिका तथा नैंसी ने सबसे ज्यादा प्रश्नों के उत्तर देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सुल्तानपुर में नव जनोदय सामाजिक संस्थान के तत्वावधान में डॉ. राजेंद्र प्रसाद जूनियर हाई स्कूल में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में देश, विदेश, प्रदेश से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे गए। पर्यावरण, विज्ञान, गणित तथा सामाजिक विषयों से संबंधित प्रश्नों के उत्तर बच्चों ने बड़े अच्छे ढंग से दिए। पुरस्कार वितरित करते हुए मुख्य अतिथि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. देवेंद्र कुमार, प्रवक्ता राकेश कुमार, पठेड़ चौकी प्रभारी दीपचंद ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों का मानसिक तथा बौद्धिक विकास होता है।
बच्चों को शिक्षण कार्य के साथ-साथ सहायक गतिविधियों में भी बढ़ चढ़कर हिस्सेदारी करनी चाहिए। सबसे ज्यादा प्रश्नों के उत्तर देकर विवेकानंद ग्रुप प्रथम, आजाद ग्रुप द्वितीय, सुभाष चंद्र बोस ग्रुप तृतीय स्थान पर रहा, जबकि डॉ. राजेंद्र प्रसाद ग्रुप, भगत सिंह ग्रुप तथा अब्दुल कलाम ग्रुप ने सांत्वना स्थान प्राप्त किया। सबसे ज्यादा प्रश्नों के उत्तर छात्र हर्ष ने देकर विशेष पुरस्कार प्राप्त किया। आयोजन में बिजेंद्र सिंह, नलनीश कुमार, सचिन सैनी, आकाश, मनीषा शर्मा, हिमांशी धीमान का सहयोग रहा। संचालन मनोज सैनी ने किया।