सहारनपुर के देवबंद उपचुनाव में विवादित बयान की वायरल वीडियो से सपाइयों में भारी रोष है। रविवार को भायला गांव में मंत्री समर्थकों की पंचायत में सपा नेताओं ने कांग्रेस उपाध्यक्ष इमरान मसूद पर जमकर भड़ास निकाली।
भायला गांव स्थित स्व. मंत्री राजेंद्र सिंह राणा की मूर्ति स्थल पर पंचायत में सपा युवजन सभा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव कार्तिकेय राणा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने वायरल वीडियो में उनके और परिवार के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है।
जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को वह समय आने पर जवाब देंगे। कैराना विधायक नाहिद हसन के प्रतिनिधि मोनू राणा ने कहा कि इमरान मसूद जैसी ओछी मानसिकता के लोग हिंदू-मुस्लिम को आपस में लड़ाकर की राजनीति करते हैं।
जिसका जवाब जनता उन्हें चुनाव में देने का मूड बना चुकी है। सपा नेता मोहन राणा, विक्रम राणा, अमित पुंडीर, प्रवीण, संजय गुर्जर, सोनू चौहान, उज्ज्वल, जोगेंद्र मौजूद रहे। उधर, कोतवाल चमन सिंह चावड़ा ने कहा कि पंचायत की सीडी मंगाई जाएगी। दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई होगी।