- पशुवधशाला के खिलाफ ज्ञापन देने मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि नगर निगम की पशु वधशाला में नियमों का उल्लंघन कर अनुमति से अधिक पशुओं का कटान किया जा रहा है तथा अन्य भी नियमों का पालन नहीं हो रहा। चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं की जाती है तो महासभा के कार्यकर्ता खुद ही पशु वधशाला के वाहनों को पकड़ेंगे और पुलिस को सौंपेंगे।
महासभा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चौधरी विश सिंह कांबोज ने बताया कि नगर निगम द्वारा संचालित पशु वधशाला में अनियमितता की जा रही है। निर्धारित 150 पशुओं की जगह इससे कई गुना ज्यादा पशुओं का कटान किया जा रहा है। वधशाला में डॉक्टर की ड्यूटी रहती है परंतु पशुओं का परीक्षण नहीं हो रहा है। प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का भी पालन नहीं हो रहा, साथ ही कटान कर शहर से बाहर मांस की सप्लाई की जा रही है, जबकि यह सिर्फ शहर में होनी चाहिए।
पूर्व में 19 जुलाई को नगर आयुक्त को भी इस बारे में शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यदि प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं कराई जाती है तो, अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर वाहनों को पकड़ेंगे और पुलिस को सौंपेंगे। इस दौरान सुरेंद्र, एडवोकेट प्रवीन चौधरी, मंजू पवार, आदेश सोनी, राहुल शर्मा, पंडित ओंकार, रवि, अतुल, अमन राणा, शोभित कांबोज, नितिन वर्मा और नीशु वर्मा आदि मौजूद रहे।