चिलकाना (सहारनपुर)। दुकान की छत पर मोबाइल टावर लगाने का विरोध कर रहे लोगों को पुलिस ने समझा बुझाकर शांत किया। बृहस्पतिवार को सरसावा रोड पर नया बांस गांव के लोग सड़क पर एकत्र हो गए तथा एक दुकान की दूसरी मंजिल पर टावर लगाने का विरोध करने लगे।
ग्रामीणों का कहना था कि टावर लगाने से उनके घरों को खतरा है। तेज हवा के कारण टावर कभी भी गिर सकता है तथा उनके घर क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। टावर को दुकान की दूसरी मंजिल पर न लगाकर जमीन पर लगाया जाना चाहिए। सड़क पर लोगों के एकत्र होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा उन्हें समझा कर शांत किया। थाना प्रभारी ने कहा कि लोगों को अपनी परेशानी को लिखकर देना चाहिए, तभी उस पर कार्रवाई की जा सकेगी। पुलिस के समझाने पर लोग शांत हुए और अपने घरों में चले गए। गांव नयाबांस के ग्रामीण काफी समय से यहां टावर लगाने का विरोध कर रहे हैं, लेकिन फिर भी टावर लगाने का काम लगातार चल रहा है। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान बाबू नसीब ने भी लोगों को समझाया। इस दौरान हाजी शमशाद, बाकिर, बाबर, अहसान, महमूद, जमीर, तसव्वर आदि रहे।