ग्राम खडलाना में प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : SAHARANPUR
तीतरो। स्कूल की 21 बीघा भूमि पर कब्जा करने की नीयत से फर्जी तरीके से समिति का गठन करने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया।
क्षेत्र के ग्राम खड़लाना के ग्राम प्रधान चंद्रपाल शर्मा, मुकेश शर्मा, डैनी शर्मा, राजन शर्मा, सरदार गुलशन सिंह, सन्नीपाल, सोनू सैनी, अंकित, उज्ज्वल शर्मा, भानू शर्मा, विपुल कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि गांव स्थित हीरोज मेमोरियल हाईस्कूल की प्रबंध समिति के सदस्यों की आपसी खींचतान के कारण करीब 25 वर्ष पूर्व समिति भंग हो गई थी। इसके बाद स्कूल का संचालन अध्यापकों द्वारा किया जा रहा था। आरोप है कि दो माह पूर्व गांव के ही दो भाइयों ने षड्यंत्र के तहत स्कूल की 21 बीघा भूमि को कब्जाने की नीयत से फर्जी तरीके से 15 लोगों की समिति का गठन किया, समिति के आजीवन रहे एक सदस्य के फर्जी तरीके से हस्ताक्षर करके सब रजिस्ट्रार कार्यालय में जमा कराए। आरोप है कि फर्जी तरीके से समिति का गठन कर स्कूल के संचालन को बाधित किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। बीईओ डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि मामले की जांच करा कार्रवाई की जाएगी। स्कूल के संचालन को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।