गंगोह/तीतरों। सांगाठेड़ा गांव में अंतिम संस्कार से पहले ग्रामीणों ने बैठक कर आरोपी की पैरवी करने वाले व्यक्ति के बहिष्कार का एलान कर दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव का जो भी व्यक्ति आरोपी योगेश की पैरवी करेगा उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
गांव में नेहा के शव पहुंचने से पहले चौधरी मांगेराम के आवास पर बैठक हुई। इसमें एकत्रित ग्रामीणों में जसवीर सिह, सपा के जिला पंचायत सदस्य जिशान चौधरी, नीरज कुमार, राजपाल सिंह, संदीप कुमार, नीटू शर्मा आदि शामिल हुए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि तीन बच्चों व पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी योगेश को कड़ी सजा दिलाई जाए। इसके लिए पूरा गांव मिलकर प्रयास करेगा। गांव से कोई भी व्यक्ति उसकी पैरवी में शामिल नहीं होगा।
अगर कोई व्यक्ति उसकी पैरवी करता है तो सभी सार्वजनिक कार्यों से बहिष्कार किया जाएगा। ऐसे व्यक्ति के घर न कोई आएगा और न ही कोई जाएगा।
ग्रामीणों ने आरोपी द्वारा नेहा के चरित्र पर लगाए गए आरोपों का भी खंडन किया। कहा कि नेहा धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थी। साजिश के तहत उसे बदनाम किया गया।