गांव धोलाहेडी में राशन डीलर के खिलाफ हंगामा करते ग्रामीण
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। गांव दूधगढ़ में डीलर द्वारा राशन न दिए जाने से परेशान ग्रामीणों ने हंगामा किया। ग्राम प्रधान के समझाने के बाद ही ग्रामीण शांत होकर लौटे।
गांव दूधगढ़ का राशन डीलर पिछले चार माह से बीमार है, जिस कारण गांव के लोगों को पास के गांव धोलाहेडी स्थित राशन डीलर से संबद्ध कर दिया गया है। गांव दूधगढ़ के लोगों का कहना है कि उन्हें धोलाहेडी का राशन डीलर राशन नहीं दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि राशन डीलर ने उनके अंगुठे तो लगवा लिए, परंतु उन्हें अभी तक राशन नहीं दिया। शुक्रवार को गांव दूधगढ़ के लोगों ने राशन न मिलने से परेशान होकर धोलाहेडी स्थित राशन डीलर की दुकान पर हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्राम दूधगढ़ के प्रधान महमूद हसन ने लोगों को समझाबुझाकर राशन डीलर से बात की। राशन डीलर ने समय निकल जाने के बाद उपभोक्ताओं द्वारा राशन लेने की बात कही। राशन डीलर के प्रतिनिधि का कहना है कि उसके पास केवल उन लोगों का राशन आता है, जिनके नाम मशीन में फीड किए गए हैं। बाकी लोगों को वह राशन देने में असमर्थ है। ग्रामीणों ने राशन डीलर के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर जांच कराए जाने तथा गांव दूधगढ में ही राशन वितरण किए जाने की मांग की है। इस दौरान जीशान, राजेश, आजम, इखलाक, राशिद, आदिल, नसीम, गुफरान, वाजिद, तसलीम, फारुक, उमेश, ताहिरा, सुरेश, दिलशाद आदि रहे।