सहारनपुर। रामपुर मनिहारान के मोहल्ला इकराम निवासी छात्र वंश के पिता जितेंद्र किसान हैं। वंश घर का इकलौता चिराग था। उसकी हत्या से जहां परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं मोहल्लेवासी भी गमजदा है। पूरे दिन छात्र के घर पर लोगों की भीड़ लगी रही।
रामपुर मनिहारान के मोहल्ला इकराम निवासी वंश गोचर कृषि इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। बुधवार को सुबह 11 बजे तक वंश घर पर ही मौजूद था, लेकिन उसके बाद वह घर से चला गया। इस बारे में परिजनों को भी जानकारी नहीं थी कि वंश कहां गया है। दोपहर एक बजे के करीब परिजनों को सूचना मिली कि वंश की दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर मदर लैंड पब्लिक स्कूल के पास गोली मारकर हत्या कर दी। इसका पता लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां अनीता का रो-रोककर बुरा हाल हो गया। परिजन और मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के चाचा देवेंद्र ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। छात्र की मौत से मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है।
----------------
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज
घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी लगे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज ली है। सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी में आरोपियों की तस्वीर कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की शिनाख्त के प्रयास में जुट गई है।
-------------
छात्रों के दो गुटों चल रही थी तनातनी
एसएसपी आकाश तोमर ने इस मामले में कोतवाली रामपुर मनिहारान के अलावा क्राइम ब्रांच को भी लगाया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी दूसरे स्कूल छात्र हैं। बीते कुछ दिनों से अलग-अलग स्कूलों के छात्रों के दो गुटों में तनातनी चल रही थी। इसी के चलते वंश की हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
-----------------
विधायक ने दी सांत्वना
मृतक वंश के घर पहुंचकर क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम, पूर्व ब्लॉक प्रमुख चौधरी नक्षत्र, विनोद पंवार ने परिवार को सांत्वना दी। इसके साथ ही विधायक ने जल्द खुलासे के लिए पुलिस अधिकारियों से भी वार्ता की।
------------
वर्जन:-
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा। छात्रों के दो गुटों में तनातनी होने की बात सामने आई है।--------राजेश कुमार, एसपी सिटी
-------------------
अभिमन्यु, जगेंद्र उज्ज्वल