सहारनपुर। सरकार छह से 11 वर्ष के बच्चों के लिए कोविड टीका ला रही है, जिसके लिए तैयारियां जोरों पर हैं। 12 से 14 और 15 से 17 वर्ष के किशोरों की बात करें तो सहारनपुर की प्रगति काफी संतोषजनक मानी जा रही है। अब बारी बच्चों की है, जिनकी सुरक्षा को लेकर अभिभावक ही नहीं, बल्कि सरकार भी चिंतित है। भविष्य में बच्चों के लिए शुरू होने वाला टीकाकरण भी सफल रहे। इसके लिए महानगर के जन प्रतिनिधि अभिभावकों से अपील कर रहे हैं।
बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान का कहना है कि कोरोना ने देश में बहुत तबाही मचाई है, जिसे सबने देखा है। कोरोना से बचाव के लिए कोविड वैक्सीन अच्छा विकल्प है। जनपद में बड़ों के साथ ही किशोरों ने भी टीकाकरण में रुचि दिखाई है और टीका लगवाया है। अब बारी बच्चों की है। सभी अभिभावकों को चाहिए कि वह अपने बच्चों की जिंदगी को सुरक्षित करने के लिए उन्हें टीका जरूर लगवाएं।
महापौर संजीव वालिया का कहना है कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा कोविड टीकाकरण अभियान चल रहा है, जिसने करोड़ों लोगों की जिंदगी को सुरक्षित किया है। सरकार देेश की जनता को कोविड टीका मुफ्त मुहैया करा रही है। 45 वर्ष से अधिक आयु के लगभग सभी लोगों ने दोनों खुराक ले ली हैं। किशोरों का टीकाकरण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब सरकार बच्चों के लिए टीका ला रही है। प्रत्येक नागरिक को चाहिए कि वह अपने बच्चों को कोविड टीका जरूर लगवाए।
नगर विधायक राजीव गुंबर का कहना है कि सरकार प्रत्येक नागरिक के जीवन को सुरक्षित करने के लिए सरकार कोविड टीकाकरण अभियान चला रही है। बच्चों की जिंदगी से बढ़कर इनसान के लिए कुछ नहीं होता। सरकार जब भी टीकाकरण शुरू करे प्रत्येक अभिभावक को चाहिए कि वह अपनी तरह अपने बच्चों के जीवन को सुरक्षित करने के लिए टीका जरूर लगवाए।
इसमें कोई दोराय नहीं है कि कोविड टीका पूरी तरह सुरक्षित और कोरोना से बचाव का जरिया है। जनपद में 12 से 14, 15 से 17, 18 से 44 और 45 से अधिक वर्ष आयु वर्ग वालों का टीकाकरण सफलतापूर्वक चल रहा है। बच्चों के लिए जैसे ही दिशा निर्देश मिलेंगे तो विभाग अपनी कार्रवाई शुरू करेगा।
डॉ. सुनील कुमार वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।
मेयर संजीव वालिया- फोटो : SAHARANPUR
नगर विधायक राजीव गुंबर- फोटो : SAHARANPUR