सहारनपुर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां ने कहा कि मोदी राज में देश की जनता परेशान है। महंगाई बढ़ने से लोगों को बदहाली का सामना करना पड़ रहा है।
रविवार को नगर में एक शादी में शिरकत करने आए कैबिनेट मंत्री ने सपा नेता सरफराज खान के चकराता रोड स्थित आवास पर पत्रकारों से अनौपचारिक बात की।
उन्होंने कहा कि बड़े नोटों पर पाबंदी से एक तरह से देश में आर्थिक प्रतिबंध लगा दिया गया है। हमारा देश सोने चिड़िया था, अब पैसों की किश्ती है। जो इस किश्ती में बैठेेगा वह डूबेगा।
नमामि गंगे परियोजना पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लोग गंगा में पैसे बहा रहे हैं। प्रधानमंत्री के अवैध धन कमाने वालों से आजादी के बाद का हिसाब लेने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि वे आरएसएस को इसका क्या जवाब देंगे।
उन्होंने कहा कि हमारी जांच करा लें, हम तो तैयार हैं, निकलना तो उन्हीं के पास से है। मोदी सरकार अपनी विफलता से लोगों का ध्यान हटाने के लिए ऐसे निर्णय ले रही है जिससे लोग परेशान हो रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार को एलर्ट रहना चाहिए, महंगाई से बदअमनी फैल सकती है। इस दौरान पूर्व चेयरमैन सरफराज खान, शाहनवाज खान, बेहट नगर पंचायत के चेयरमैन शाह महमूद, अकमल बिटटू, मुस्तकीम राणा आदि मौजूद रहे।