सड़क हादसे के बाद हंगामा करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के देवबंद के थीतकी गांव में रविवार को शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गई जब बहनों की शादी का सामान लेने आ रहे किशोर की सड़क दुघर्टना में मौत हो गई।
जबकि उसके साथ आया युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थीतकी निवासी जहांगीर के परिवार में सोमवार को चार लड़कियों की बारात आनी है।
कई दिनों से परिवार के लोग शादी की तैयारी में जुटे थे। रविवार को जहांगीर का पुत्र अनस (16) परिवार के ही सूफियान पुत्र आलम के साथ बाइक से देवबंद शादी का कुछ सामान लेने आ रहा था।
शाम करीब पौने चार बजे जब वह सांपला रोड स्थित बड़े बिजलीघर के समीप पहुंचे तो देवबंद की तरफ से जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। दुघर्टना में अनस की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सूफियान गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन इससे पहले ही चालक ट्रैक्टर ट्राली घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। अनस जहांगीर का इकलौता पुत्र था।
वहीं थीतकी गांव में जैसे ही हादसे की जानकारी पहुंची कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। इस दौरान सांपला रोड पर दोनों तरफ जाम लग गया।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। परिजनों के कोई कार्रवाई ने करने की मांग पर पुलिस ने अनस का शव उनके सुपुर्द कर दिया। वहीं, गंभीर घायल सूफियान को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
दुघर्टना के बाद थीतकी गांव से पहुंचे लोग घटनास्थल पर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने साथ गांव ले गए। कोतवाल आरएन सिंह यादव ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।