सहारनपुर। हादसे के बाद कार चालक के नाम की जगह ग्राम प्रधान के नाम एफआईआर दर्ज कराए जाने के विरोध में गांव डुभर किशनपुर के दर्जनों ग्रामीण एसएसपी से मिले और मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की।
थाना तीतरों के गांव डुभर किशनपुर निवासी रणधीर सिंह के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण सोमवार को एसएसपी से मिले और उन्हें बताया कि 29 अक्तूबर को थाना गंगोह के फतेहपुर ढौल्ला में कार से दुर्घटना हुई थी। कार उनके गांव के ओमकार पुत्र राजा राम की थी।
चालक मौके से कार लेकर गांव में पहुंच गया था तो पीछा कर रहे कुछ युवकों ने चालक को घेर कर पीटा और कार में भी आगजनी का प्रयास किया गया था। जिस पर ग्राम प्रधान वीरेंद्र सिंह और ग्रामीणों ने मिलकर चालक को बचा कर आगजनी भी नही होने दी थी और ग्राम प्रधान की सूचना पर ही थाना तीतरों पुलिस गांव से ले गई थी।
मगर अगले दिन पता चला कि हादसे में मरे बच्चे के परिजनों ने थाना गंगोह में कार चालक के नाम की जगह प्रधान वीरेंद्र सिंह के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज करा दी। एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की। संदीप कुमार, कुलवीर सिंह, महीपाल सिंह, जसबीर सिंह, सुरेंद्र, गोपाल, राजकुमार, यशपाल सिंह, जगपाल सिंह और कल्याण आदि मौजूद रहे।