छुटमलपुर (सहारनपुर)। प्रसव पीड़िता की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सा स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा किया। परिजन अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को समझा बुझा कर शांत किया।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव नौसरहेड़ी निवासी मुकेश की पत्नी बबीता (27) को प्रसव पीड़ा होने के बाद परिजनों ने छुटमलपुर के सहारनपुर रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में बृहस्पतिवार की सुबह भर्ती कराया था। दुपहर तीन बजे गर्भवती ने एक शिशु को जन्म दिया। इसके बाद प्रसव पीड़िता की हालत बिगड़ती चली गई। शाम पांच बजे चिकित्सक ने उसे सहारनपुर ले जाने की सलाह दी। परिजन महिला को लेकर सहारनपुर अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वे उसके शव को लेकर वापस छुटमलपुर पहुंचे और अस्पताल पर हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि उपचार में लापरवाही बरती गई है। सूचना पर फतेहपुर थानाध्यक्ष सतेंद्र नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने मृतका के परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर समझा बुझा कर शांत किया। उधर, एसओ ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।