सहारनपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को रोडवेज की बसों में नि:शुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक आरपी सिंह की ओर से प्रदेश के सभी आरएम और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आदेश जारी कर दिए गए है।
प्रदेश भर में यूपी टीईटी की परीक्षा रविवार 23 जनवरी को होगी। शासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा करने का लाभ दिया है। 22 से लेकर 24 जनवरी तक अभ्यर्थी निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकते है। सहारनपुर डिपो के एआरएम जगदीश सिंह ने बताया कि इसके लिए यूपी टीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को अपने प्रवेश पत्र के वेबसाइड से छह प्रति डाउनलोड करानी होगी। यात्रा के दौरान अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की प्रति पर स्वप्रमाणित कर परिचालक को देनी होगी। अभ्यर्थी जहां का रहने वाला है और जहां पर उसका परीक्षा केंद्र है वहां तक यात्रा नि:शुल्क कर सकता है। इस संबंध में एमडी के आदेश मिल गए है। साथ ही सभी परिचालकों को भी आदेश से अवगत करा दिया गया है।
दो पालियों में 32095 परीक्षार्थी पंजीकृत
सहारनपुर। यूपी टीईटी परीक्षा के लिए जनपद में 34 केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर दोनों पालियों में 32,095 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने परीक्षा की तैयारी शुरु कर दी है। डीआईओएस रविदत्त ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सुबह दस बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी, जिसमें प्राथमिक स्तर के 18,500 अभ्यर्थी पंजीकृत है। पहली पाली की परीक्षा सभी 34 केंद्रों पर होगी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर ढाई बजे से शाम पांच बजे तक होगी। यह परीक्षा 24 केंद्रों पर होगी और इसमें उच्च प्राथमिक स्तर के 13,545 अभ्यर्थी पंजीकृत है। परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परीक्षा में कोविड नियमों का पालन कराया जाएगा।