छुटमलपुर फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव चौबारा में खेत से मिट्टी उठाने के दौरान खोदाई करते समय मुगलकालीन चांदी जैसी धातु के 49 सिक्के मिले हैं। पुलिस ने सिक्कों को कब्जे में लेते हुए एसडीएम और पुरातत्व विभाग को सूचना दी है।
गांव के मोबीन पुत्र महबूब का खेत काफी ऊंचा नीचा है। उसने खेत को समतल बनाने का ठेका गांव के ही जीशान को दे रखा था। जीशान ट्रैक्टर की मदद से जब खेत के ऊंचे स्थान से मिट्टी खोदाई कर उठवा रहा था तो अचानक एक गुल्लक नुमा पात्र मिला। मजदूरों ने इसे फोड़ा तो इसमें चांदी जैसी धातु के सिक्के मिले। कुछ ही देर में यह बात पूरे गांव में फैल गई।
इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मजदूरों ने आसपास और भी खोदाई की, लेकिन इसके अलावा और कुछ नहीं मिला। इसके बाद किसी ने फतेहपुर थाना पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस सिक्कों को अपने कब्जे में लेकर थाने लौट आई।
सिक्कों में कुछ पर फारसी भाषा में शाहजहां और मोहम्मद शाह के बारे में अंकित है। इन पर हिजरी सन 1035 खुदा हुआ है। पुलिस ने बताया कि सिक्कों की बरामदगी के बारे में एसडीएम बेहट और पुरातत्व विभाग को सूचना दे दी है। वहां से टीम आने के बाद सिक्कों को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया जाएगा।