यह मतदान का उत्साह ही था कि शिवालिक की पहाड़ियों में रहने वाले वन गुर्जरों ने 15 किलोमीटर पैदल चल कर मतदान केंद्र पर पहुंचे और अपने मत का इस्तेमाल किया और फिर से 15 किमी पैदल चलकर अपने घरों को लौटे। मतदान के लिए वन गुर्जरों ने कुल 30 किमी दूरी तय की।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज सुबह सात बजे से मतदान जारी है। सहारनपुर में जहां सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदान चल रहा है तो वहीं बिजनौर की आठ सीटों पर वोटिंग जारी है।
विज्ञापन
यह मतदान का उत्साह ही था कि सहारनपुर में शिवालिक की पहाड़ियों में रहने वाले वन गुर्जरों 15 किलोमीटर पैदल चल कर मतदान केंद्र पर पहुंचे और अपने मत का इस्तेमाल किया। इसके बाद फिर से 15 किमी दूरी पैदल तय कर अपने घरों को वापस लौटे। परिवार की महिलाएं भी उनके साथ उत्साहपूर्वक वोट डालने आईं। इस दूरी को तय करने में उन्हें तीन घंटे का वक्त लगा। वोट के लिए उन्होंने आने जाने में तीस किमी की दूरी तय की।
हिमाचल, हरियाणा और उत्तराखंड की सीमाओं से सटे यूपी की सीमा पर बेहट विधानसभा क्षेत्र के गांव रहणा के मतदान केंद्र पर शिवालिक वन प्रभाग की बादशाहीबाग रेंज की करौंदी खोल में रहने वाले वन गुर्जर मतदाता पंजीकृत हैं।
ये वन गुर्जर सुदूर जंगल में डेरे बना कर अपने परिवारों के साथ रहते हैं। लोकतंत्र के इस पर्व में सोमवार को इन वन गुर्जरों ने भी पूरे उत्साह से भागेदारी की। इसके लिए उन्हें जंगल में 15 किमी का सफर पैदल तय करना पड़ा। वे अपने परिवार की महिलाओं सहित रहणा मतदान केंद्र पर बने बूथ पर पहुंचे। जहां उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
वन गुर्जर जहूर हसन, जाकिर, अकलो, मोहसिना, नजमा आदि ने बताया कि उन्होंने सुरक्षा एवं विकास के नाम पर वोट डाला है। वे अपने वोट को डाल कर बहुत खुश हैं। समाज से दूर जंगल में रहते हैं, लेकिन प्रदेश देश की राजनीति में कौन से दल और नेता सक्रिय है उन्हें उनकी पूरी जानकारी है।
उन्होंने बताया कि वे 15 किमी का सफर तीन घंटे में तय करके यहां पहुंचे हैं। सुबह ही वे घर से वोट डालने के लिए चल दिए थे। इसके बाद उन्होंने उत्साहपूर्वक लाइनों में लग कर वोट डाला।