सहारनपुर जनपद में देवबंद पुलिस ने सोमवार को अंबहेटा शेखां के जंगल में छापा मारकर तमंचे बनाने की फैक्टरी पकड़ी। पुलिस ने मौके से दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं, जबकि दो फरार होने में कामयाब रहे। मौके से पुलिस को भारी मात्रा में अवैध असलहा बरामद हुआ। पूछताछ के बाद आरोपियों का चालान किया गया।
सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रभाकर केंतुरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुटेसरा नहर पटरी से अंबहेटा शेखां जाने वाले रास्ते पर स्थित सिंचाई विभाग के खंडहर बन चुके बंगले में छापा मारा। मौके पर अवैध तमंचे बनाने की फैक्टरी चलती मिली। मौके से पुलिस ने उम्मेद पुत्र सलामू निवासी ग्राम जौला थाना बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर) व संदीप उर्फ सोनू पुत्र जनेश्वर निवासी ग्राम बलवा खेड़ी थाना चरथावल (मुजफ्फरनगर) को तमंचे बनाते गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2022 : शाह के मुजफ्फरनगर दौरे पर टिकी विपक्ष की नजरें, भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने ट्वीट कर उठाया ये मुद्दा
पुलिस ने मौके से छह देसी तमंचे (315 व 12 बोर), 16 अधबने तमंचे, 80 कारतूस, 12 लोहे की नाल, 10 स्प्रिंग, एक ड्रिल मशीन, एक ग्लेंडर व एक वैल्डिंग मशीन, दो शिकंजे और तमंचा बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2022 : शाह के मुजफ्फरनगर दौरे पर टिकी विपक्ष की नजरें, भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने ट्वीट कर उठाया ये मुद्दा
सीओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पूर्व में भी अवैध हथियार बनाने के आरोप में जेल जा चुके हैं। उन पर सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और गौतमबुद्धनगर के थानों में 3/5/25 आर्म्स एक्ट के मामले पंजीकृत हैं। मामला दर्ज करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, इसके बाद उन्हें जेल भेजा गया। एसएसपी आकाश तोमर ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।