सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर में फतेहपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी गोकश को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से गोकश घायल हो गया है। हालांकि इस दौरान उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।
जानकारी देते हुए थाना अध्यक्ष फतेहपुर प्रमोद रावल ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने जयसिंघा मोड पर चेकिंग अभियान चलाया तो बाइक सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा उन्हें रुकने का इशारा किया जाने पर उन्होंने पुलिस पर फायर कर दिया और भागने लगे। वहीं, पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश फतेहपुर थाने के गांव गंदेवड़ा निवासी वजीर पुत्र नजीर गोली लगने से घायल हो गया। इस दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर उसका एक साथी फरार हो गया।