- दिल्ली रोड पर कांकरकुई गांव के मार्ग पर अंडरपास में बिन बरसात ही भरा पानी।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। दिल्ली रोड पर गांव कांकरकुईं सहित कई गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर बने अंडरपास में बिन बरसात ही पानी भर रहा है। इससे आवागमन बाधित हो रहा है। गांव के लोग अधिकारियों से शिकायत भी कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
गांव कांकरकुई निवासी रवि कुमार, संजीव कुमार और कंवरपाल आदि ने बताया कि अंडरपास में हर तीसरे दिन पानी भर रहा है। आसपास में भूजल स्तर भी ऊंचा है। पानी कहां से आता है, इसका पता नहीं चल रहा। बरसात के बिना ही अंडरपास में पानी भरा रहता है। इस कारण कांकरकुईं के अलावा गांव बड़ा माजरा, लंढोरा और नवादा के लोगों के आवागमन का मार्ग भी यही है। इन सभी गांव के लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। अंडरपास में ढाई से तीन फुट तक पानी भर जाता है। बड़े वाहन तो पानी से होकर निकल जाते हैं, लेकिन दुपहिया वाहन या पैदल आने जाने वालों को पुल के ऊपर रेलवे लाइन पार करके ही जाना पड़ता है। रवि ने बताया कि पुल पर कार्यदायी संस्था के व्यक्ति का नंबर भी लिखा है, जिस पर कॉल करके पानी भरने की शिकायत की गई है। हर तीसरे दिन पानी भर जाता है, जिसे संस्था की तरफ से निकाला भी जाता है, लेकिन फिर पानी भर जाता है।