सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय की स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की सत्र 2025-26 की सम-सेमेस्टर परीक्षाएं आज से शुरू हो रहीं हैं, जो 29 मई तक चलेंगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की चौथे, छठवें, आठवें और दसवें सेमेस्टर की सम-सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए तीनों जनपदों में 84 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में तीनों जिलों के हजारों विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा के फॉर्म भरने की प्रक्रिया 31 मार्च से शुरू हुई थी। पहले अंतिम तिथि चार अप्रैल निर्धारित की गई थी, लेकिन अंतिम तिथि तक बड़ी संख्या में विद्यार्थी परीक्षा फॉर्म नहीं भर सके। ऐसे में तिथि को बढ़ाकर नौ अप्रैल और विलंब शुल्क के साथ 11 अप्रैल किया गया।
फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब परीक्षा की बारी है। सम-सेमेस्टर परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय ने सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक कक्ष के सीसीटीवी चालू अवस्था में रखने को कहा गया है। साथ ही गर्मी को देखते हुए केंद्रों पर पेयजल व्यवस्था व्यवस्था, सफाई व्यवस्था और सुरक्षा के बंदोबस्त सही रखने को कहा गया है।