संवाद न्यूज एजेंसी
सरसावा।
थाना क्षेत्र के ग्राम काजीबांस में एक महिला की संदिग्ध मौत पर शंका जताते मृतका के भाई ने सरसावा थाने में तहरीर दी है। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम सोराना की सितारा 42 वर्ष का निकाह करीब 25 साल पहले शाहजहांपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम काजीबांस के निवासी ग्रामीण के साथ हुआ था। बताया जाता है कि रविवार की रात सितारा की संदिग्ध रूप से मौत हो गई। मृतका के भाई शमशाद का कहना है कि रात को उसे बहन की तबियत खराब होने की खबर मिली तो वह सोमवार सुबह बहन को देखने ससुराल गया। जहां वह मृत अवस्था में मिली। शमशाद ने अपनी बहन की मौत पर शंका जताते हुए शाहजहांपुर पुलिस चौकी में तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाहजहांपुर पुलिस चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक राहुल सिंह देशवाल ने बताया कि मृतका के भाई ने मौत पर संशय जताया है, जिस कारण पुलिस ने तहरीर लेकर कार्यवाही की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता लग पाएगा।