मदरसे में बालक की पिटाई करते शिक्षक स्रोत वीडियो ग्रेब
गंगोह। क्षेत्र के एक मदरसे में एक बालक को दो शिक्षकों ने बेरहमी से पीटा। शिक्षकों की इस करतूत का किसी ने वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया जो अब तेजी के साथ वायरल हो रहा है।
1 मिनट 49 सेकेंड के वीडियो में करीब 10 वर्षीय एक बालक के साथ दो शिक्षकों द्वारा बेरहमी से मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। तीसरा व्यक्ति वीडियो बना रहा है। पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो कुछ महीने पुराना है और सीएचसी के समीप स्थित एक मदरसे का है, जबकि बच्चा पास के ही एक गांव का रहने वाला है। वायरल वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि एक शिक्षक मासूम बच्चे को छड़ी से लगातार पीट रहा है, जबकि दूसरा शिक्षक उसके पैर पकड़े हुए है। दर्द से तड़पता और चीखता हुआ बालक रहम की गुहार लगा रहा है, लेकिन दोनों शिक्षकों पर इसका कोई असर नहीं पड़ता और वे निर्ममता से पिटाई करते रहते हैं। यह दृश्य बेहद पीड़ादायक और विचलित करने वाला है।
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में रोष व्याप्त है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित मदरसे के संचालकों को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।