चिलकाना। यमुना पार के गांव सोंधेबास तथा भूड़ में पागल कुत्ते ने शुक्रवार को दस लोगों को काट लिया था। कुत्ते से काटे सभी लोगों का जगाधरी के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा था। आठ घायल प्राथमिक उपचार करा कर अपने घर आ गए हैं। पागल कुत्ते के काटने से बुरी तरह घायल गांव भूड़ निवासी आरजू और गांव सोंधेबास निवासी अली हसन की हालत अभी भी गंभीर बनी है।
दोनों का इलाज जगाधरी के शर्मा हॉस्पिटल में चल रहा है। बताया गया है कि पागल कुत्ते को ग्रामीणों ने मिलकर मार दिया है तथा उसे मिट्टी में दबा दिया गया है। ग्रामीणों में अभी भी पागल कुत्ते का खौफ बना हुआ है। गांव सोंधेबांस तथा भूड़ यमुना नदी के पार हरियाणा की तरफ स्थित हैं। यमुना में ज्यादा पानी आने के कारण लोगों को इलाज के लिए हरियाणा की तरफ जाना पड़ता है। कुत्ते के काटे सभी घायल उत्तर प्रदेश की तरफ न जाकर हरियाणा की तरफ ही जगाधरी में इलाज कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि जनपद सहारनपुर के अस्पताल के डॉक्टरों को इन दोनों गांव में भी दौरा कर लोगों की स्थिति की जानकारी लेनी चाहिए। अभी तक सहारनपुर के कोई भी डॉक्टर इस गांव में स्थिति का जायजा लेने नहीं पहुंचे हैं।