देवबंद। बैमाना कराने रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। इसके चलते काफी समय तक कार्यालय का कार्य प्रभावित रहा। मामले में एक पक्ष ने एसडीएम से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मोहल्ला लहसवाड़ा निवासी मोबीन व मोहसिन का परिवार के ही कुछ सदस्यों से जमीन को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। शुक्रवार को एक पक्ष गांधी कॉलोनी स्थित जमीन का बैनामा करने रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचा था। इसी दौरान मोबीन, मोहसिन और उनके परिवार की महिलाएं भी वहां पहुंच गई। जिन्होंने भूमि को अपना बताते हुए दूसरे पक्ष पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैनामा कराए जाने का आरोप लगाया और हंगामा करना शुरु कर दिया। इस दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया, जिसके बाद मोहसिन पक्ष के लोग एसडीएम दीपक कुमार से मिले। मोबीन और मोहसिन ने बताया कि पूर्व में उक्त आरोपी काफी जमीन बेच चुके हैं। अब वह उनके हिस्से की जमीन पर कब्जा करना चाह रहे हैं। इस संबंध में कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भी दिया गया। एसडीएम ने मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है।