मोरना। गांव छछरौली में अनियंत्रित होकर बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार भोकरहेड़ी निवासी अंकित (32) व उसके फुफेरे भाई रामपुर मनिहारान निवासी सर्वेश (22) की मौत हो गई। उनके घायल साथी सुमित को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
थाना भोपा क्षेत्र के कस्बा भोकरहेडी के मोहल्ला कलालान निवासी अंकित पड़ोस के ही सुमित व सहारनपुर के थाना रामपुर मनिहारान के गांव तेलीवाला निवासी अपनी बुआ के बेटे सर्वेश के साथ शुक्रवार दोपहर बाइक पर मोरना किसी काम से गया था। मोरना से वापस घर लौटते समय छछरौली पहुंचे तभी टावर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में तीनों को गम्भीर चोटें आईं। तीनों युवकों को राहगीरों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा लाया गया।
चिकित्सकों ने अंकित व सर्वेश को मृत घोषित कर दिया। सुमित को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। सूचना पर भोपा अस्पताल पहुंचे मृतकों के परिजनों ने युवकों की पहचान की।
अंकित की मां ओमकारी की भी छह माह पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अंकित की मौत से पिता ओमपाल, भाई विजय व रजनीश, पत्नी मेनका व बहन रूबी का रो-रोकर बुरा हाल है।
अंकित अपने पीछे पुत्री रूचिका, अंशुल, छवि व पुत्र अर्णव को छोड़ गया है। सर्वेश, अंकित के फूफा का ओम प्रकाश का बेटा है, जो दो दिन पहले ही भोकरहेड़ी आया था। थाना पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई।