ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो की मौत, तीसरा गंभीर
नानौता। बाइक और ट्रैक्टर ट्राली की आमने सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, तीसरे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नानौता क्षेत्र के कुआंखेड़ा गांव निवासी विशु (30) पुत्र नरेंद्र सिंह, निशु पुत्र संजय सिंह व इनका साथी फखरेआलम (32) निवासी जलालाबाद जिला शामली बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे कुआंखेड़ा से जलालाबाद शामली की ओर बाइक से जा रहे थे। तभी उनकी बाइक जलालाबाद क्षेत्र के सोहंजनी के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। इसके चलते बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जलालाबाद चौकी पुलिस ने अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने कुंआखेड़ा निवासी विशु व जलालाबाद निवासी फखरेआलम को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीसरे साथी की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल शामली भिजवाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नानौता थाना के गांव कुंआखेड़ा निवासी मृतक विशु अपने परिवार में इकलौता पुत्र था, जिसकी शादी कुछ वर्ष पूर्व हुई थी। विशु अपने पीछे मां-बाप व पत्नी तथा अपने मासूम बेटे को छोड़ गया है।