वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। सोमवार की सुबह अंबाला हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर उनका पोस्टमार्टम कराया। बाद में परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शवों को अपने साथ ले गए। दोनों युवक अविवाहित थे। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार गांव देहचंद थाना चरथावल जिला मुजफ्फरनगर निवासी दीपक (22) पुत्र मित्रसेन और अंकित (20) पुत्र अशोक चंडीगढ़ में बिजली फिटिंग का कार्य करते थे। दोनों युवक चंडीगढ़ से सोमवार सुबह बाइक पर अपने घर जाने के लिए निकले, जैसे ही ये बाइक पर देहरादून अंबाला हाईवे से होते हुए गागलहेड़ी थानाक्षेत्र के गांव भाभरी के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। सड़क पर गिरकर दोनों युवक वाहन के नीचे आकर कुचले गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। सूचना पर परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए, जिसके बाद वे बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शवों को साथ लेकर लौट गए।
थाना प्रभारी संदीप कुमार बालियान ने बताया मृतकों के परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इंकार किया है। दोनों युवक अविवाहित थे। बाइक चालक ने हेलमेट लगा रखा था।