सरसावा। सहकारी चीनी मिल के समीप बुधवार देर रात रेलवे ओवरब्रिज से गिरने से बाइक सवार सरसावा निवासी दो युवक विकास (25) और राजन (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
घटना बुधवार रात साढे़ नौ बजे की है। बताया जाता है कि सरसावा के मोहल्ला हरिजनान निवासी विकास अपने साथी राजन निवासी राधा स्वामी कॉलोनी को बाइक से कहीं पर छोड़ने जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही बाइक सवार नगर की चीनी मिल के समीप रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचे अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई। दोनों युवक बाइक से उछलकर ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे खेत में जा गिरे। खेत से लौट रहे साइकिल सवार एक किशोर ने लहूलुहान हालत में दोनों को खेत में पड़े दिखा तो उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दोनों घायलों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। गंभीर हालत होने के कारण दोनों को सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी रेफर कर दिया गया। वहां दोनों युवकों की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने उनके पास से मिले मोबाइल से दोनों की पहचान कर परिजनों को हादसे की खबर की। इसके बाद परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अस्पताल पहुंचे एक युवक प्रिंस ने बताया कि विकास उसका भाई था। देर रात तक पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी थी।