सहारनपुर के नानौता में बच्चों को अगवा ले जाने वाला गैंग कस्बे में घर के बाहर खेल रहे मासूम बच्चों को कुछ अजनबी युवक अपने साथ उठाकर ले गए। करीब 24 घंटे बाद दोनो बच्चों को जिला मुज्जफ्फरनगर पुलिस ने बरामद कर परिजनों तक पहुंचाया। पिछले तीन महीनों में बच्चों को उठाने वाला यह तीसरा मामला सामने आया है। इसके बाद नगरवासियों में दहशत व्याप्त है।
रविवार की शाम करीब 8 बजे नगर के मोहल्ला शेखजादगान निवासी चाहत (8) पुत्र साजो बेगम और अकबर (9) पुत्र राशिद मोहल्ले में ही खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे अचानक लापता हो गए। जिसके कुछ देर बाद तक बच्चों के घर न पहुंचने पर परिजनों में हड़कंप मच गया।
बच्चों को रात तक काफी ढूंढा गया लेकिन उनका कोई पता नहीं लग पाया। करीब 24 घंटे बाद सोमवार की शाम थाना पुलिस को मुज्जफ्फरनगर के थाना मंडी पुलिस का फोन आया कि नानौता के दो बच्चे उनके पास हैं। पुलिस ने तुरंत बच्चों के परिजनों को जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस और बच्चों के परिजन थाना मंडी पहुंचे और दोनों बच्चों को लेकर नानौता आ गए।
यहां आने के बाद दोनों बच्चों ने पुलिस को बताया कि जब वे खेल रहे थे तो इसी दौरान दो युवक उन्हें कुछ सुंघाकर बेहोश कर अपने साथ ले गए। जिसके बाद दोनों युवक उन्हें रात में थाना मंडी क्षेत्र के एक गांव में ले गए। जहां उन्होंने दोनों बच्चों से भीख मंगवाई और भीख न मांगने पर मारपीट की। बच्चों द्वारा शोर मचाए जाने पर दोनों युवक उन्हें छोड़कर भाग गए।
लोगों ने दोनों बच्चों को थाना मंडी ले जाकर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद दोनों बच्चे पुलिस की सहायता से अपने परिजनों को वापस मिल पाएं। ज्ञात रहे है कि पिछले तीन महीनों में नगर के मोहल्ला अफगानान में दो मासूम बच्चियों को और मोहल्ला शेखजादगान में दो मासूम बच्चों को नगर के संजय चौक से रात में बाइक सवारों द्वारा उठाकर ले जाने का प्रयास किया जा चुका है।