छठ पूजा उत्सव में मंगलवार को डूबते सूर्य को अर्ध्य देने और विशेष स्नान के लिए पूर्वांचल समाज के श्रद्धालुओं की भीड़ घाटों पर उमड़ पड़ी। गंगोह रोड पर मानकमऊ स्थित बड़ी नहर, पांवधोई नदी के घाटों और शीतला माता मंदिर में शाम चार बजे के बाद से ही श्रद्धालु उमड़ने शुरू हो गए।
इसके बाद सूर्य के अस्त होने तक महिलाओं ने ठंड की परवाह किए बिना पानी में खड़े होकर सूर्य को अर्ध्य दिया। बुधवार सुबह उगते सूर्य को अर्ध्य देने के लिए श्रद्धालु जुटेंगे। इसके बाद ही निर्जल व्रत रखने वाली महिलाएं व्रत खोलेंगे और छठ पूजा उत्सव संपन्न होगा।
छठ पूजा के इन विधानों को पूरा करने से पहले घाटों को भव्य रूप से सजाया गया। पूजा स्थलों पर केले से बने तोरणद्वार बनाए गए। लगातार साफ सफाई की जाती रही और शाम के समय श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था का भी ध्यान रखा ।
पूर्वांचल सांस्कृतिक सभा, पूर्वांचल कल्याण सभा, पूर्वांचल युवा सेवा समिति सहित अन्य संगठनों के मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने घाटों पर पहुंचकर स्नान और सूर्य अर्ध्य की परंपरा को पूरा किया। लेबर कालोनी से मानकमऊ तक शोभायात्रा के रूप में जाते समय सजीं संवरी व्रती महिलाओं के साथ पुरुष भी सिर पर फल, नारियल, सब्जी आदि के सामान की टोकरी लिए आगे बढ़े ।
छठ मैया के कई लोकगीतों को गाते हुए महिलाओं ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कुछ श्रद्धालु पेट के बल लेटकर घाटों तक पहुंचे। घाटों पर पहुंचने के बाद यहां बने पूजा स्थलों पर पानी में खड़े होकर स्नान और फिर सूर्य को अर्ध्य देने के लिए जरूरी पूजन सामग्री को जुटाया गया।
घाटों पर सूर्य को अर्ध्य देने तक श्रद्धालुओं का हुजूम रहा। सुरक्षा के लिए पुलिस भी निगरानी में रही। पूर्वांचल सांस्कृतिक सभा के अध्यक्ष राममूरत यादव, महासचिव बंसत कुमर सिंह और कोषाध्यक्ष रामसमुझ प्रजापति,नरेंद्र यादव, अखिलेश यादव, जयराम प्रजापति, जगमोहन प्रजापति, अरविंद यादव, राजेंद्र यादव रहे।
बच्चों के साथ पहुंचीं व्रती महिलाएं
सहारनपुर। मानकमऊ, पांवधोई नदी के घाटों और पेपर मिल रोड स्थित शीतला माता मंदिर पर पहुंचे श्रद्धालुओं में कई व्रती महिलाएं बच्चों को साथ लेकर पहुंची थीं। पूर्वांचल कल्याण सभा की ओर से छठ पूजा के संयोजन में शामिल रहे दानिश आजम, अनिल पोद्दार, हरिनारायण, प्रमोद कुमार, सोनू गिरी, मनोज कुमार, उमेश कुमार, वीरेंद्र गोस्वामी, कुलदीप, आनंद, अंकित, राजू चौहान, मदन, रोहित आदि ने भी श्रद्धालुओं के सेवा कार्यों में सहयोग दिया।