दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर यात्रा होगी सुगम
सहारनपुर/बेहट। यूपी को हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की सीमाओं से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण दिल्ली-यमुनौत्री हाईवे पर अगले कुछ ही दिनों में यात्रा और सुगम होने वाली है। इस हाईवे पर कलसिया में मशकरा नदी पर नए पुल पर यातायात शुरू हो जाएगा। इससे सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी जाम से निजात मिलेगी।
दिल्ली- यमुनोत्री हाईवे पर कलसिया में मशकरा नदी पर अंग्रेजी हुकूमत में बना वन वे पुल जर्जर हालत में है। इस पुल पर प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक अवकाश के चलते मां शाकंभरी देवी के दर्शनों को जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान जाम जैसी स्थिति से दो चार होना पड़ता है। खनिज के परिवहन के अलावा पड़ोसी राज्यों हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश को जाने वाले वाहन भी इसी पुल से गुजरते है। यातायात को सुगम बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग यहां नदी पर करीब दस साल पूर्व बनाए गए दो लेन के पुल को चालू करा रहा है। लगभग 1.80 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल के दोनों तरफ अप्रोच सड़कें, पेचिंग कार्य, टाइल्स और दीवार निर्माण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। केवल अप्रोच सड़कों पर तारकोल की परत डालने का कार्य शेष है। इस पुल के शुरू होने से यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी।
एक करोड़ की लागत से चालू होगा गांगरोह नदी का पुल
सहारनपुर। कलसिया के अलावा बेहट के पास गांगरोह नदी पर भी पहले से तैयार डबल लेन का पुल भी जल्द ही यातायात के लिए चालू कर दिया जाएगा। इस पुल को चालू करने के लिए दोनों तरफ अप्रोच सड़कें तैयार की जा रही है। इसे चालू करने में करीब एक करोड़ रुपये खर्च होंगे।
दिल्ली- यमुनोत्री हाईवे पर दो पुल बनाए गए थे, जिस पर यातायात शुरू नहीं हुआ था। अब इन पुलों पर अप्रोच और सुंदरीकरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। एक महीने के भीतर दोनों पुल यातायात के लिए खोल दिए जाएंगे।
सनद गुप्त ऋषि, अधिशासी अभियंता लोनिवि
बेहट क्षेत्र में मशकरा नदी पर कलसिया में पुल पर बनाई गई सड़क- फोटो : SAHARANPUR
बेहट क्षेत्र में मशकरा नदी पर कलसिया में तेयार हो चुका पुल- फोटो : SAHARANPUR