कुंभ मेले के लिए बसों की संख्या बढ़ाएगा परिवहन विभाग
सहारनपुर। कुंभ मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए उत्तराखंड रूट पर बसों की संख्या बढ़ाने की योजना है। अभी सिर्फ 12 बसें ही सहारनपुर डिपो से हरिद्वार के लिए चलाई जा रही हैं। जिन्हें बढ़ाकर मेले के दौरान 30 तक किया जाना प्रस्तावित है।
दरअसल, कुंभ के शाही स्नान पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार हरिद्वार में कुंभ मेले का आयोजन होगा। माघ पूर्णिमा पर 27 फरवरी को कुंभ मेले को लेकर स्नान श्रद्धालु करेंगे। 20 परवरी के आसपास इस संबंध में अधिसूचना जारी की जाएगी। कुंभ मेला की अवधि दो माह रहेगी। 27 अप्रैल तक चलने वाले इस मेले के दौरान चार शाही स्नान होंगे। इस दौरान सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों के साथ ही हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और राजस्थान आदि राज्यों के भी श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसी के चलते सहारनपुर डिपो से उत्तराखंड रूट के लिए 30 बसों का संचालन करने के लिए एक प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है।
- कोविड नियमों में ढील के बाद शुरू हुई कवायद
सहारनपुर। पूर्व में कोरोना को लेकर उत्तराखंड में नियम सख्त थे। यूपी की बसों का आवागमन भी नहीं हो पा रहा था, लेकिन अब नियमों में कुछ ढील दी गई है, जिसके चलते मेले को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों ने बसों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव बनाया है।
---- वर्जन
कुंभ मेले को लेकर बसों की संख्या बढ़ाए जाने का प्रस्ताव है। यात्रियों की संख्या का भी आंकलन किया जाएगा। क्योंकि पिछले दिनों स्नान पर यात्रियों की संख्या बेहद कम रही थी। तब बसों की संख्या बढ़ाई थी, लेकिन यात्री बहुत कम मिल पाए थे। अब आगे उम्मीद है कि अपेक्षित यात्री मिलेंगे। -- जगदीश सिंह, सहायक परिक्षेत्र प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम