-- विकास भवन में आयोजित हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोरोना काल के बीच बच्चों को कुपोषण से बचाने और सावधानियां बरतने को लेकर सीडीपीओ और मुख्य सेविकाओं को प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही गर्भवती और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य लाभ के लिए टिप्स दिए गए।
विकास भवन सभागार में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मंडल समन्वयक रवि प्रकाश श्रीवास्तव व मोहन लाल शर्मा यूनिसेफ प्रतिनिधि ने समस्त सीडीपीओ और मुख्य सेविका को प्रशिक्षण दिया, जिसमें अति कुपोषित और कुपोषित बच्चों के पंजीकरण करने के निर्देश दिए गए। मंडल समन्वयक स्टूडियो मीटर के माध्यम से बच्चों को वजन लेने की जानकारी दी। इसके साथ ही एनीमिया की कमी से होने वाले रोगों के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता का खास ध्यान रखते हुए कुपोषित बच्चों की देखरेेख के निर्देश दिए गए। इस मौके पर मुख्य सेविकाओं का टेस्ट भी लिया गया। प्रश्नों के उत्तर में जो कमियां पाई गई, उससे उन्हें अवगत कराकर सुधार के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी, बाल विकास परियोजना योजना अनीता सोनकर, कुमारी अर्चना, कुमारी विमला चौधरी, रेखा कौशिक, संयोगिता यादव मौजूद रही।