बिहारीगढ़। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर शुक्रवार को पहली बार जाम लगा। करीब दो घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। इससे वाहनों की कतार डाट काली मंदिर से देहरादून के मोहब्बेवाला तक पहुंच गई। जाम के दौरान गर्मी में वाहनों में बैठे लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ी।
डाट काली मंदिर के पास हाल ही में पुलिस चेक पोस्ट स्थापित की गई है। यहां पर रात के समय सख्ती से वाहन चेकिंग की जाती है। बताया जा रहा है कि चेकिंग के बाद सड़क से बैरिकेडिंग नहीं हटाई गई। इसके चलते यहां वनवे ट्रैफिक ही गुजरने लायक जगह थी। सुबह करीब 10 बजे वाहनों का रैला एक्सप्रेसवे पर उमड़ा तो बैरिकेड वाले स्थान पर आकर उनकी रफ्तार पर ब्रेक लग गए और धीरे-धीरे करके जाम लग गया। कुछ ही देर में वाहनों की कतार देहरादून के मोहब्बेवाला तक पहुंच गई। सहारनपुर की तरफ भी डाट काली मंदिर से दो किमी तक वाहन फंसे रहे।
जाम में फंसे लोग तेज धूप और उमस भरी गर्मी से बेहाल हो गए। कई यात्री अपने वाहनों से उतरकर छांव तलाशते नजर आए, जबकि कुछ लोग पानी के लिए भी परेशान दिखे। काफी देर बाद बैरिकेड्स हटाए गए जिसके बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एलिवेटेड रोड पर आवागमन सुचारू हो सका। दैनिक यात्रियों राजकिशोर सैनी, नाथी राणा, संजय सैनी, संदीप बंसल, कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महासचिव मुजतबा मलिक आदि का कहना है कि एलिवेटेड रोड पर इस तरह जाम लगना हैरान करने वाला रहा। उनका कहना है कि पुलिसकर्मियों की लापरवाही के कारण लोगों को जाम से जूझना पड़ा।