सर्राफा कारोबारियों ने सोमवार को वित्त मंत्री अरुण जेटली की शव यात्रा निकालते हुए अपना विरोध जताया। इस दौरान केंद्र सरकार और वित्त मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर आंदोलन को तोड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। एक्साइज ड्यूटी वापस नहीं लेने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई।
सहारनपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन, सर्राफा पंचायत, उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ और सर्राफा एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से घंटाघर चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इससे पहले उन्होंने वित्त मंत्री की शव यात्रा भी निकाली, जिसका नेतृत्व गौतम शंकर सिंघल और संजीव जैन ने किया। शव यात्रा में सर्राफा बाजार, बड़तला यादगार, चौक फव्वारा, मोरगंज, शहीद गंज, नेहरू मार्केट, कोर्ट रोड से होकर गुजरी।
गौतम शंकर सिंघल ने कहा कि जब तक सरकार एक्साइज ड्यूटी के काले कानून को वापस नहीं ले लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पवन गोयल ने केंद्र सरकार पर उनके आंदोलन को तोड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
आरोप लगाया कि कुछ न्यूज चैनल आंदोलन खत्म हो जाने की झूठी और बेबुनियाद रिपोर्टिंग कर देशभर के सर्राफा कारोबारियों को भ्रमित कर रहे हैं, जो निंदनीय है।
यात्रा में पवन गोयल, सचिन जैन, गौरव जैन, नितिन जैन, राकेश गुप्ता, रजत जैन, तुषार जैन, विपिन अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, निशांत जैन, नवनीत वर्मा, गुलशन, प्रदीप जैन, अमित जैन, अभिनव जैन, विक्की नारंग, पंकज मल्होत्रा, राकेश रस्तौगी, विनोद बब्बर आदि रहे।