सहारनपुर। जीएसटी की दरों में प्रस्तावित बढ़ोत्तरी के विरोध में विभिन्न व्यापारी संगठनों से जुड़े व्यापारियों ने बृहस्पतिवार को धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने इसे वापस लेने की मांग को लेकर केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के नाम ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि जीएसटी की दरों में बढ़ोत्तरी से देश में महंगाई बढ़ेगी। इस निर्णय को वापस लेने तक व्यापारियों का आंदोलन जारी रहेगा।
बृहस्पतिवार को रायवाला कपड़ा मार्केट चौक पर आयोजित धरने पर व्यापारी नेताओं ने कहा कि एक जनवरी से कपडे़, जूते, स्टेशनरी, हौजरी सहित अन्य उत्पादों पर जीएसटी की दर को पांच से बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने का निर्णय पूर्णतया अव्यवहारिक है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के प्रकोप से व्यापार पहले ही प्रभावित है। व्यापारी कारोबार में मंदी सहित अन्य समस्याओं को झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं पर जीएसटी की दर को बढ़ाने से देश की 135 करोड़ जनता पर महंगाई की मार पड़ेगी। साथ ही इससे कालाबाजारी से लेकर व्यापारियों के उत्पीड़न तक में बढ़ोत्तरी होने की आशंका है। धरना प्रदर्शन में सहारनपुर क्लाथ मार्केट एसोसिएशन, रायवाला क्लाथ मार्केट एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल सहित अन्य व्यापार संगठनों से जुडे़ व्यापारियों ने भागेदारी की। संजय अरोड़ा, अजय कालरा, विवेक मनोचा, शीतल टंडन, राजकुमार मक्कड़, रोहित घई, रमेश अरोड़ा, सुरेंद्र मोहन चावला, आशू निरंकारी, रमेश अरोड़ा, गुलशन भंडारी सहित अन्य ने विचार रखे। इस दौरान मेजर एसके सूरी, महेंद्रपाल चावला, पवन गोयल, अनिल गर्ग, संयम सेठ, शिवम सेठ, देवेंद्र नारंग, गुलशन धींगड़ा, मनोज तनेजा, मुकेश मानकटाला, संजय मल्होत्रा, राजकुमार सेतिया, प्रवीण बंसल, गौरव जैन, किशोर मानकटाला, सरदार अरविंदर सिंह चावला, विजय चावला, सरदार नवकार सिंह आदि मौजूद रहे।