सहारनपुर। व्यापारी ऑनलाइन ट्रेडिंग के विरोध में उतर आए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम का ज्ञापन सांसद इमरान मसूद को सौंपा। व्यापारियों ने कहा कि ऑनलाइन ट्रेडिंग से व्यापारियों को नुकसान पहुंच रहा है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई द्वारा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष शीतल टंडन की अगुवाई में सांसद इमरान मसूद को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने उन्हें बताया कि देश में ऑनलाइन की असीमित क्षेत्र में अनियमित घुसपैठ के चलते देश के छोटे व्यापारियों, श्रमिकों व उपभोक्ताओं को नुकसान पहुंच रहा है। ई-काॅमर्स प्लेटफार्म पर विक्रेताओं की अनिवार्य केवाईसी की जानी चाहिए। ऑनलाइन ट्रेडिंग करने वाली कंपनियों ने लगातार भारी वित्तीय घाटे की सूचना दी है तथा उच्च बिक्री मात्रा के बावजूद नुकसान दिखाया है।
उन्होंने मांग की है कि विनियम अधिनियम तत्काल बनाया जाए, जिससे कि छोटे व्यापारियों के हितों की रक्षा हो सके। ऑनलाइन ट्रेडिंग के चलते भारत का छोटा व्यापारी बेरोजगार होने की कगार पर है।
खुदरा व्यापारी भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और ग्राहक को कभी नुकसान नहीं पहुंचाता। ज्ञापन देने वालों में रमेश अरोड़ा, संजय मिड्ढा, एसके सूरी, रमेश डावर, पवन कुमार गोयल, राजीव अग्रवाल, संदीप सिंघल, संजीव सचदेवा आदि शामिल रहे।ि