बाइकर्स ने किसान के नौकर से ट्रैक्टर ट्रॉली लूट ली
नागल। शनिवार की रात में बजाज शुगर मिल से गन्ना डालकर वापस अपने गांव जा रहे एक किसान के नौकर से बाइक सवार चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर ट्रैक्टर ट्रॉली लूट ली। विरोध करने पर उससे मारपीट भी की। सूचना पर हरकत में आई पुलिस की घेराबंदी देखकर बदमाश टपरी रेलवे फाटक के निकट लूटी ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर भाग गए।
रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव छिदबना निवासी फरमान का नौकर मुस्तकीम पुत्र तासीन शनिवार की रात में बजाज मिल में गन्ना डालकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह हिंडन पुल के निकट ताशीपुर गांव के मोड़ पर पहुंचे तो पहले से ही वहां खड़े बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर रोक लिया और उसकी ट्रैक्टर ट्राली लेकर भाग गए। घटना के बाद पीड़ित ने सूचना अपने मालिक को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने क्षेत्र में कांबिंग की तो टपरी फाटक के पास पुलिस को देखकर बदमाश ट्रैक्टर को लाइन के पास बने रास्ते से परागपुर की ओर ले कर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो बदमाश ट्रैक्टर छोड़ कर जंगल के रास्ते भाग गए। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है, लेकिन फिर भी बदमाशों की तलाश की जा रही है।