सहारनपुर। इन दिनों मौसम बेईमान नजर आ रहा है। दो दिन से कहीं झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो रहा है तो कहीं तेज धूप और उमस पसीने छुड़ा रही है।
जनपद में 28 जून रविवार को देहरादून सड़क पर डॉ. आंबेडकर चौक से जिला जेल तक जमकर बारिश हुई थी, जबकि बाकी हिस्सा सूखा रहा था। इसके बाद सोमवार को घाड़ क्षेत्र में 18 एमएम बारिश हुई थी, जबकि जनपद के बाकी हिस्से में भीषण गर्मी रही। मंगलवार को मौसम फिर बेईमान हो गया। सुबह से बादल छाए रहे। अपराह्न करीब तीन बजे पूरे जनपद में बारिश का मौसम बना। ठंडी हवा भी चली, लेकिन बादल केवल अंबाला सड़क क्षेत्र में बरसे और बाकी क्षेत्र में शांत रहे। मौसम की इस रुसवाई से लोग परेशान हैं। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 29 और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को भी हल्के बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। मौसम वेधशाला मिर्जापुर के प्रभारी अमीर आलम ने बृहस्पतिवार से बारिश होने की संभावना जताई है। उनके कहना है कि बृहस्पतिवार से रविवार तक बारिश बताई हुई है।
किसान भी मायूस
इन दिनों धान की रोपाई चल रही है। बारिश ठीक न नहीं होने की वजह से किसान मायूस हैं। उन्हें धान की रोपाई के लिए नलकूपों पर निर्भर होना पड़ रहा है। नलकूप चलाने के लिए बिजली और डीजल फूंकने से लागत बढ़ रही है। किसान हरपाल सिंह और प्रेमचंद ने बताया कि धान की रोपाई के दौरान बारिश होना फसल के लिए लाभकारी माना जाता है, लेकिन इस बार बारिश कहीं हो रही है और कहीं नहीं।