बेहट में पुलिस द्वारा पकड़े गए अवैध खनिज से भरे ट्रक।
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट(सहारनपुर)। कोतवाली पुलिस अवैध खनिज से भरे तीन वाहनों को गंदेवड़ तिराहे पर गश्त के दौरान पकड़ लिया। उनके चालक भी गिरफ्तार किए गए है। पुलिस ने इस मामले में पकड़े गए चालकों समेत चार के खिलाफ यमुना नदी से खनिज चोरी कर उसका परिवहन करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
एसएसआई राशिद अली ने बताया, कि शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह गश्त पर थे। गश्त के दौरान उन्होंने गंदेवड़ तिराहे पर खनिज से भरे ओवरलोड तीन ट्रकों को रोक लिया और उनके चालकों से खनिज से संबंधित प्रपत्र दिखाने के लिए कहा, लेकिन चालकों के पास कोई प्रपत्र नहीं थे, जिस पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए मोहित पुत्र सतीश, निवासी पठेड़ थाना चिलकाना, दीपक पुत्र नेत्रपाल निवासी गांव उमरी कलां थाना रामपुर मनिहारान व इमरान पुत्र इस्लाम निवासी डंगरोली थाना नागल ने पूछताछ में बताया, कि उनके ट्रक मालिकों द्वारा उन्हें खनिज भरने के लिए भेजा गया था। ट्रक में भरा गया रेत खनिज बरथा माजरी निवासी प्रदीप ने यमुना नदी से चोरी से भरवाया है। इस पर पुलिस ने ट्रकों को कब्जे में लेकर उन्हें सीज कर दिया, जबकि पकड़े गए चालकों समेत बरथा माजरी के प्रदीप के खिलाफ यमुना नदी से चोरी रेत निकालकर उसका परिवहन करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। पकड़े गए चालकों का चालान कर दिया गया है। यहां बता दें बरसाती सीजन में एक जुलाई से तीन माह के लिए खनन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है, बावजूद इसके क्षेत्र में अवैध खनन एवं खनिज का परिवहन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। गांव अलीपुरा भागूवाला एवं रामपुर बड़कलां के बीच बरसाती नदी के किनारे पर लगे दो क्रशरों से भी बड़े पैमाने पर बिना रवन्नों के रात के समय अवैध रूप से खनिज का परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी इन क्रशर मालिकों एवं यहां से अवैध खनिज का परिवहन करने वाले उसंड़ गांव के दो माफियाओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसडीएम दीप्ति देव का कहना है, कि अवैध खनन एवं खनिज का परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।