सहारनपुर में ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर एसएसपी का चाबुक चलना जारी है। एसएसपी ने अंबेहटा पुलिस चौकी के सिपाही को निलंबित करने के साथ ही थाना सदर बाजार कोतवाली के दो सिपाहियों को भी लाइन हाजिर किया।
एसएसपी द्वारा उठाए जा रहे कदम से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी प्रदीप कुमार यादव को सहारनपुर आए मुश्किल से दो महीने बीते हैं। इस अंतराल में वह मौज काट रहे आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कर चुके हैं।
देहात कोतवाली में प्रभारी का चार्ज संभालने वाले प्रेमवीर सिंह राणा 15 दिन से अधिक भी कोतवाली में नहीं ठहर सके। एक मामले में लापरवाही पर एसएसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया।
उनके बाद सदर बाजार कोतवाली प्रभारी सुशील दुबे को लाइन हाजिर किया गया। यहीं पर तैनात एसएसआई सुनील दत्त ने एसएसपी के आदेश को नहीं माना तो उन्हें निलंबित कर दिया गया।
सोमवार को एसएसपी ने अंबेहटा पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबल राहुल कुमार को निलंबित कर दिया। साथ ही सदर बाजार कोतवाली के दो सिपाहियों सचिन कुमार और गोविंद कुमार को लाइन हाजिर किया गया है।
एसएसपी के द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार होता नजर नहीं आ रहा है।