सहारनपुर। अलग-अलग दो मुठभेड़ में पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। इनके पास से एक किलो चांदी, तमंचे, नकदी और लूट का सामान बरामद हुआ।
बृहस्पतिवार देर रात देहात कोतवाली प्रभारी कपिल देव अपनी टीम के साथ शकलापुरी निर्माणाधीन बाईपास पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन बदमाश हाल ही में छीने गए चांदी के आभूषणों को शहर में बेचने की फिराक में हैं। कुछ देर बाद गांव शकलापुरी की ओर से आ रही एक बाइक पर तीन युवक सवार नजर आए।
पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फायरिंग करते हुए बाइक भगाने की कोशिश की। हड़बड़ाहट में बाइक फिसलकर गिर गई और बदमाशों ने फिर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बदमाश पारस निवासी को पैर में गोली लगी। उसके साथी तनुज निवासी तेलीपुरा को गिरफ्तार किया। तीसरा साथी भागने में कामयाब रहा। कब्जे से करीब एक किलो चांदी, दो तमंचे, कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है।
उधर, थाना सदर बाजार पुलिस ने छिदबना में मुठभेड़ के दौरान आसिफ निवासी बेहट को गिरफ्तार किया है। बदमाश के पैर में गोली लगने से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी छिनैती के मुकदमे में वांछित चल रहा था। कब्जे से तमंचा, कारतूस, लूट के एक हजार रुपये, बैंक पासबुक और बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है।