अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग के तीन सदस्य दबोचे
सहारनपुर। थाना चिलकाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के आठ वाहन और तीन चाकू बरामद हुए हैं।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि थाना चिलकाना पुलिस ने चेकिंग दौरान तसलीम निवासी ग्राम बुड्ढाखेड़ा व ब्रिजेश निवासी गांव दबकौरा कोतवाली बेहट को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जुबैर निवासी गांव संगमौर थाना चिलकाना को पकड़ा। तीनों की निशानदेही पर आठ बाइक बरामद की र्गइं। जांच में पता चला कि इनमें से एक बाइक वर्ष 2012 में देहात कोतवाली क्षेत्र से लूटी गई थी। आरोपी सहारनपुर के अलावा हरियाणा और उत्तराखंड से भी वाहन चोरी करते थे। आरोपियों ने गांव गुमटी में एक आम के बाग में चोरी के वाहन छिपाकर रखे हुए थे।
कागजात भी करते थे तैयार
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी वाहन चोरी करके बेच देते थे। इनका एक साथी फरार है, जो नकली कागजात तैयार करने में इनकी मदद करता था। उसकी भी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।