सहारनपुर। कोरोना कर्फ्यू रात आठ बजे से लागू हो गया। यह मंगलवार की सुबह सात बजे तक जारी रहेगा। इसके चलते दिन में ही लोगों ने अपनी जरूरत का सामान जमकर खरीदा। इस कारण बाजारों में भीड़ का आलम रहा। लोग सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं कर रहे थे।
कोरोना कर्फ्यू का समय बढ़ने की खबर से लोगों में अपनी जरूरत का सामान खरीदने की होड़ लगी रही। इसके चलते लोग खरीदारी के लिए बाजार में उमड़ पडे़। लोग सब्जियां, दवाएं खरीदने के साथ ही अन्य खाद्य सामग्री खरीदते नजर आए। इस कारण बाजारों में भीड़ लगी रही। मोर गंज, शहीद गंज, नया बाजार से लेकर पुराने और नए शहर के अधिकांश बाजारों में लोगों की गहमागहमी नजर आई। सब्जी मंडी से लोगों आलू और प्याज से लेकर हरी सब्जियां तक की खरीदारी की। लोगों का कहना है कि कोरोना कर्फ्यू की अवधि बढ़ने से आवश्यक सामग्री की खरीदारी जरूरी है। इसलिए कई दिनों की सब्जियां और अन्य सामग्री खरीद ली गई हैं। इसके अलावा लॉकडाउन की अवधि बढने से लोगों ने रोजमर्रा के अन्य काम भी निबटाए।
कई जगहों पर उल्लंघन भी हुआ
कोरोना कर्फ्यू का समय रात आठ बजे शुरू हो गया। इस शहर के नेहरू मार्केट, शहीद गंज, प्रताप मार्केट, देहरादून चौक आदि स्थानों पर प्रतिष्ठान बंद हो गए, लेकिन कोर्ट रोड पर साढ़े आठ बजे तक भी कई प्रतिष्ठान खुले रहे।
व्यापारियों की राय, लगना चाहिए लॉकडाउन
अब सप्ताह में शनिवार, रविवार और सोमवार तीन दिन का कोरोना कर्फ्यू लागू हो गया है। आवश्यक सेवाओं के अलावा ज्वेलरी, रेडीमेड गारमेंट्स और अन्य उत्पादों की बिक्री प्रभावित हो रही है। ऐसे में ज्वेलर्स और अन्य कारोबारियों का कहना है कि लॉकडाउन लगाना चाहिए, ताकि कोरोना संक्रमण की चेन को पूरी तरह तोड़ा जा सके। सराफा कारोबारी गौतम शंकर सिंघल का कहना है कि जैसे ही बाजार खुलता है तो लोग घरों से बाहर आ जाते हैं, बाजार में भीड़ होती है, जिससे सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं होता है। जिस तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है, लॉकडाउन लगना चाहिए।